जिले में सात सितंबर को आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया है। विकास भवन में समीक्षा बैठक कार्यक्रम को टाल दिया गया है। सीएम का जो नया कार्यक्रम आया है, उसके मुताबिक वह शहर के जीआईसी में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह 49 परियोजनाओं का लोकार्पण और 128 का शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री को विकास की दौड़ में खुद को आगे दिखाने के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले अफसरों को गुरुवार को उस समय राहत मिल गई जब उन्हें पता चला कि सीएम का समीक्षा बैठक का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। नए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर 01.40 बजे पुलिस लाइन में उतरेगा। 01.50 पर वह जीआईसी के लिए प्रस्थान करेंगे। जीआईसी पहुंचते ही वह 1051 दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल वितरित करने के साथ ही 49 परियोजनाओं का लोकार्पण और 128 परियोजनाओं का शिलान्यास करके जनसभा को संबोधित करेंगे। 03.15 बजे वह पार्टी पदाधिकारियों से फीडबैक लेेंगे और 04.25 बजे उनका हेलीकाप्टर लखनऊ के लिए रवाना हो जाएगा।
जिले के अफसर समीक्षा बैठक को लेकर बेहद परेशान थे। विभागीय अधिकारियों को इस बात का अंदेशा था कि समीक्षा बैठक में किसी न किसी पर गाज गिर सकती है। 23 अप्रैल 2018 को विकास भवन में हुई समीक्षा बैठक में ही जलनिगम के अधिशासी अभियंता राजेश खरे को गिरफ्तार करने का आदेश मुख्यमंत्री ने दिया था।
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक से घबरा रहे अधिकारियों को जब यह जानकारी हुई कि समीक्षा बैठक नहीं होगी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। सीडीओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आ गया है। वह जीआईसी में ही जनसभा करेंगे और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बात करेंगे।
बारिश का जमा पानी बनेगा मुसीबत
जीआईसी परिसर में बरसात का पानी आम जनता के लिए मुसीबत बन सकता है। प्रवेश द्वार के पास पानी भरा हुआ, जो कीचड़ में तब्दील है। सीएम को सुनने के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
एसपी आवास से होकर निकलेगी सीएम की फ्लीट
पुलिस लाइन में सीएम का हेलीकाप्टर उतरने के बाद एसपी आवास से मुख्यमंत्री की फ्लीट डीआईओएस कार्यालय होते हुए जीआईसी पहुंचेगी। जिस मार्ग से प्रधानमंत्री की फ्लीट निकली थी, मुख्यमंत्री को उसी मार्ग से जिला प्रशासन ले जाने की तैयारी कर रहा है।
20 हजार भीड़ जुटाने का है लक्ष्य
उपचुनाव की घोषणा के ठीक पहले आ रहे सीएम के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को बीस हजार की भीड़ एकत्रित करने को कहा गया है। वैसे तो सदर विधानसभा से टिकट के दावेदार प्रत्याशियों को भीड़ जुटाने को कहा गया है, मगर अन्य विधानसभाओं से भी कार्यकर्ताओं से भीड़ लाने को कहा गया है।
CM will not hold a review meeting, only public meeting- फोटो : PRATAPGARH