फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर बदहाल, खुद संवरेगी नगर पालिका

विज्ञापन
नगर पालिका कार्यालय। - फोटो : PRATAPGARH
विज्ञापन
शहर बदहाल, खुद संवरेगी नगर पालिका
विज्ञापन

प्रतापगढ़। पूरा शहर बदहाल है। जाम, अतिक्रमण और गंदे पानी की आपूर्ति से लोगों का बुरा हाल है। बजबजाती गंदगी से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बारिश में जलनिकासी न होने से लोगों के घरों में पानी घुस रहा है। नगर पालिका को इसकी चिंता भले न हो, लेकिन अपना परिसर संवारने की कवायद शुरू कर दी गई है। नए व पुराने भवनों को सामने से नया लुक देने के लिए स्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। मुख्य गेट से लेकर भीतर कार्यालय का बाहरी हिस्सा लकदक नजर आने के लिए पालिका करीब 50 लाख रुपये खर्च कर फाइवर सीट लगाने की तैयारी में है।
हर मोहल्ले में गंदगी का अंबार
शहर के 25 वार्डों में भले ही पालिका प्रशासन सफाई का दावा कर रहा हो, लेकिन हकीकत इससे इतर है। हर मोहल्लों में सफाई व्यवस्था बद से बदतर है। सड़कों पर सफाई हो जाती है, लेकिन गलियों व चौराहों पर गंदगी बजबजाती रहती है। बरसात में गंदगी के बीच से लोग गुजरने के लिए मजबूर हैं। शहर के पल्टन बाजार, सहोदरपुर पश्चिमी, भैरोपुर वार्ड, बेगमवार्ड, विवेक नगर, धर्मशाला वार्ड, सहोदरपुर पूर्वी वार्ड में हर ओर गंदगी का आलम है।
विज्ञापन

गंदे पानी की हो रही आपूर्ति
नगर पालिका ने शहर में 13 वाटर वेंडिंग मशीन लगवा रखी है। इन मशीनों से लोगों को एक रुपये का सिक्का डालने पर एक लीटर शुद्ध पानी मिलना था। अधिकांश वाटर वेंडिंग मशीन खराब पड़ी हैं। जिससे लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। शहर के अजीत नगर, धर्मशाला वार्ड, पल्टन बाजार, भैरोपुर वार्ड में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस बनी है। अभी भी शहर में 65 से अधिक हैंडपंप मरम्मत या रिबोर का इंतजार कर रहे हैं।
क्षतिग्रस्त सड़कों से गुजरने को मजबूर हैं शहरी
शासन के तमाम आदेशों के बाद भी शहर में रहने वाले लोग क्षतिग्रस्त सडक़ों से गुजरने को मजबूर हैं। अस्पताल वार्ड में आजाद नगर जाने वाला रास्ता, कपूर चौराहे से विक्रम तिराहा मार्ग, सुमित्रापुरी रोड के साथ नया मालगोदाम रोड पर चलना दूभर है। बरसात मेें जलभराव के चलते लोगों के कपड़े खराब हो रहे हैं। कई मोहल्लों की गलियों का रास्ता अभी कच्चा है। जबकि शासन ने स्पष्ट निर्देश दे रखा है कि सडक़ो को गड्ढामुक्त होना चाहिए।
जलनिकासी न होने से घरों में घुसता है पानी
शहर में जलनिकासी की व्यवस्था न होने का खामियाजा हर मोहल्ले में रहने वाले लोगों को उठाना पड़ रहा है। बरसात में लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। बरसात के अलावा गर्मी के दिनों में भी टक्करगंज, भैरोपुर और धर्मशाला वार्ड में यह समस्या देखने को मिलती है। प्री मानसून में ही टक्करगंज, मकंदू्रगंज, विवेक नगर, पल्टन बाजार में जलभराव के चलते लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया था। दुकानों व मकानों में घुसे नाले के गंदे पानी को निकालने में लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
वीरान पड़े हैं चौराहे
शहर के चौराहे बदहाल पड़े हैं। चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं तो लगा दी गई हैं, लेकिन देखभाल के अभाव में वह धूल धुसरित हैं। वहां न तो सौंदर्यीकरण कराया गया है और न ही रात में आकर्षक दिखने के लिए लाइटिंग ही की गई है। शहर के सभी चौराहे वाहनों की टक्कर से क्षतिग्रस्त भी हो चुके हैं। पहले लाखों रुपये खर्च कर भंगवाचुंगी, श्रीराम तिराहा, पंजाबी मार्केट, राजापाल चौराहे पर लाइटिंग और फौव्वारा लगवाया गया था, लेकिन कुछ सालों में ही सब खराब हो गया। दो साल पहले चौराहों का सौंदर्यीकरण कराया गया। वहां फौव्वारा व लाइटिंग की व्यवस्था हटा ली गई।
और रंगीन फाइवर सीट से आकर्षक दिखेगा पालिका कार्यालय
नगर पालिका कार्यालय परिसर को आकर्षक बनाने की कवायद शुरू हो गई है। मुख्य गेट से लेकर भीतर के पुराने भवन, पोर्टिकों से लेकर बाहरी हिस्से को रंगीन फाइवर सीट से लकदक करने की तैयारी है। जिसमें करीब 50 लाख रुपये की लागत आएगी। नगर पालिका के जेई हर छोर की नापजोख करने के बाद स्टीमेट तैयार करने में जुटे हुए हैं।
विज्ञापन

शहरियों को हर सुविधाएं दिलाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। कमियों को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास चल रहा है। शहर के साथ ही अपने कार्यालय को भी अलग लुक देने के लिए कवायद चल रही है। रंगीन फाइवर सीट से परिसर को लकदक करने की तैयारी है।
मुदित सिंह, अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें