बीते दिनों चिलबिला में गणेश प्रतिमा पंडाल से पैसा चोरी के आरोप में चार से पांच युवकों ने बच्चे को खंभे में बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी थी। जिसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। वायरल वीडियोे में बंधक बनाया गया बच्चा बार-बार रहम की भीख मांगता नजर आ रहा है, लेकिन चार से पांच युवक बच्चे को खंभे से बांधकर पैर व डंडे से पीटते नजर आ रहे हैं। बच्चे का हाथ और पैर पकड़कर दो युवक उसको हवा में उछाल देते हैं। कई फीट ऊपर से वह जमीन पर गिर पड़ता है। दर्द से कराहते बच्चे की चीख निकल जाती है। लेकिन युवक पिटाई करने से बाज नहीं आते। वायरल वीडियो कब का है इस बारे में पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस के सूत्र इसे चिलबिला में गणेश उत्सव का बता रहे हैं।
वायरल वीडियो पुराना है। जिसमें दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया था। तहरीर मिलने पर वायरल वीडियो की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अर्जुन सिंह, प्रभारी निरीक्षक, नगर कोतवाली