लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर पड़ने वाले चिलबिला जंक्शन का अमृत भारत योजना के तहत 20 करोड़ की लागत से विस्तार किया जा रहा है। यात्रियों की सहूलियत के लिए जंक्शन के वेटिंग हॉल और फुटओवरब्रिज पर डिस्प्ले बोर्ड लगाया जा रहा है। इससे यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी मिल सकेगी।
यहां आठ ट्रेनों का ठहराव होता है और औसतन प्रतिदिन स्टेशन पर दो हजार यात्रियों का आवागमन होता है। जंक्शन पर चार प्लेटफार्म हैं। अब तक यात्रियों को ट्रेनों की सही जानकारी के लिए बार-बार पूछताछ काउंटर पर जाना पड़ता था। मगर अब ऐसा नहीं होगा। स्टेशन के वेटिंग हॉल और फुटओवरब्रिज पर डिस्प्ले बोर्ड लगाया जा रहा है। इससे यात्रियों को ट्रेनों के आने-जाने का समय पता चलेगा। साथ ही यह भी जानकारी हो सकेगी कि ट्रेन का कोच किस दिशा में है। स्टेशन अधीक्षक चिलबिला रणविजय ने बताया कि स्क्रीन पर ट्रेनों के आने-जाने का समय, प्लेटफॉर्म नंबर और देरी की जानकारी लगातार प्रदर्शित होती रहेगी। इससे बार-बार पूछताछ काउंटर पर जानकारी लेने के लिए नहीं जाना पड़ेगा। कोच संकेतक न होने के कारण यात्रियों को ट्रेन के ठहराव के बाद हाथ में बैग लेकर दौड़ते हुए अपने कोच की तलाश करनी पड़ती थी। इससे बुजुर्ग और ग्रामीण यात्रियों को इससे सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा।