Chief minister will come by helicopter, not by waterway
प्रतापगढ़। गंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जलमार्ग से नहीं बल्कि हेलीकॉप्टर से गंगा तट पर ही उतरेंगे। उनके लिए एक मोटर वोट भी तैयार रखी जाएगी, जिससे वह कुछ दूर भ्रमण कर गंगा की निर्मलता की हकीकत देख सकेंगे।
गंगा यात्रा के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ 30 जनवरी को कालाकांकर आ रहे हैं। 30 जनवरी को बसंत पंचमी होने के कारण श्रद्धालुओं का भी जमावड़ा होगा। ऐसे में जिला प्रशासन को सफल कार्यक्रम कराना चुनौती बना हुआ है। फिलहाल सप्ताह भर से जिला प्रशासन ने गंगा तट पर स्थित 18 गावों में शासन की योजनाओं को संचालित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। 30 जनवरी को सिर्फ सीएम ही नहीं आ रहे हैं, बल्कि उनके साथ दर्जनों विभागों के मंत्री भी आ रहे हैं। यह मंत्री गंगा की स्वच्छता के लिए अफसरों द्वारा किए गए कार्यों की हकीकत खंगालेंगे। इससे सहमे विभागीय अधिकारी सप्ताह भर से 18 गांवों की गलियों में खाक छान रहे हैं। फिलहाल कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। अब देखना है कि अफसर मुख्यमंत्री को खुश करने में कितने सफल होते हैं। एडीएम शत्रोहन वैश्य ने बताया कि अभी सीएम का कार्यक्रम नहीं आया है। 28 जनवरी को कार्यक्रम आने की संभावना है।