जीआईसी में सीएम के कार्यक्रम स्थल पर बना विशालकाय पंडाल।
- फोटो : PRATAPGARH
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को जीआईसी में जनसभा करने के बाद पुलिस लाइन के गेस्ट हाउस में पार्टी के कोरग्रुप के साथ बैठक कर फीडबैक लेंगे। जिला प्रशासन ने तैयारियों को भव्यता देने के लिए जहां पूरी ताकत झोंक दी है, वही भाजपा के प्रदेश नेताओं का जिले में जमावड़ा लगा हुआ है। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल और काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव ने शुक्रवार को राधे पैलेस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक की रूपरेखा तैयार की।
शनिवार को पांचवीं बार बेल्हा आ रहे सीएम की नजर सदर विधानसभा के उपचुनाव पर टिकी हुई है। वह दोपहर 1.40 बजे पुलिस लाइन में उतरने के बाद सीधे जीआईसी ग्राउंड पहुंचेंगे। 1.50 से 2.50 तक विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण, लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित करने और सीधा संवाद स्थापित करने के साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मुताबिक सीएम का भाषण लगभग 25 मिनट का होगा। कार्यक्रम समाप्त होते ही मुख्यमंत्री का काफिला पुलिस लाइन पहुंचेगा, जहां पहले मौजूद कोरग्रुप के पदाधिकारियों से साथ सीएम बैठक करेंगे।
भाजपा के शीर्ष नेताओं का जमावड़ा शुक्रवार को ही प्रतापगढ़ में हो गया। प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल और काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव ने राधे पैलेस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री की बैठक में उठने वाले मुद्दों की रूपरेखा तैयार की है। पूर्व निश्चित कार्यक्रम के अनुरूप सीएम लगभग एक घंटे कार्यकर्ताओं के साथ बिताएंगे।
राबिस डालकर गड्ढा पाटने की होती रही पहल
जीआईसी में राबिस डालकर गड्ढा और कीचड़ दबाने का कार्य शुक्रवार को दिनभर चलता रहा। कार्यक्रम स्थल पर दो जेसीबी और बारह ट्रैक्टर मिट्टी ढोने के लिए लगाए गए थे। सफाई कर्मचारी और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी दिनभर पंडाल में मिट्टी डालने में लगे रहे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद टूटी पड़ी थी बाउंड्री
लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए जीआईसी की बाउंड्री तोड़ी गई थी। तब से आज तक यह बाउंड्री टूटी पड़ी है। शुक्रवार को कालेज प्रशासन इस बात से खुश था कि अच्छा हुआ दोबारा नहीं बनवाया गया, नहीं तो आज फिर तोड़ना पड़ता।