कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के हकीकत खंगालने और तीसरी लहर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अगले सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतापगढ़ आ सकते हैं। मुख्यमंत्री के आने की आहट मिलते ही स्वास्थ्य विभाग चौकन्ना हो गया है। कोविड अस्पतालों की साफ-सफाई के साथ ही जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को बेहतर इलाज देने के साथ ही रजिस्टर दुरुस्त किया जा रहा है। इधर, अफसरों ने मेडिकल कालेज निर्माण पर अपनी नजरें टिका दी हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ने जीआईसी की जनसभा में घोषणा की थी कि मेडिकल कालेज में जुलाई 2021 में एमबीबीएस के नए बैच का शुभारंभ होगा। मेडिकल कालेज में प्राचार्य की तैनाती और शिक्षण कक्षों के निर्माण से शिक्षासत्र प्रारंभ होने की पूरी संभावना है।
जिले में लंबे समय से तैनात सीएमओ के तबादले की मांग सीएम के सामने उठ सकती है। कोरोना संक्रमण काल में जिस प्रकार स्वास्थ्य विभाग लापरवाह बना हुआ था, उससे आम जनता की नाराजगी सीएमओ को झेलनी पड़ी थी। ऐसे में सीएमओ लोगों के निशाने पर हैं। कोविड प्रोटोकाल तोड़कर पीड़ित लोग मुख्यमंत्री से अपनी व्यथा प्रकट कर सकते हैं।