शहर के मकंद्रूगंज पुलिस चौकी के करीब बुधवार को बदमाश पुलिसकर्मी बन सोना कारोबारी के एजेंट से 20 लाख रुपये का सोना लेकर भाग निकले। सूचना के बाद पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद बदमाशों की तलाश में निकली लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।
सीतापुर जनपद के मथुरा रामपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर खरिका निवासी शिवशंकर शुक्ला लखनऊ स्थित मातेश्वरी गोल्ड की दुकान पर बतौर एजेंट के रूप में काम करते हैं। बुधवार को वह बस से शहर आए। शहर के आभूषण की दुकानों पर घूम-घूम कर सैंपल दिखा रहे थे। दोपहर बाद वह मकंद्रूगंज पुलिस चौकी से चंद कदम दूर माधो प्रसाद जगदीशचंद्र एंड संस की दुकान की ओर जाने लगे। बाहर ही पुलिसकर्मी बनकर सादे कपड़े पहने दो बदमाशों ने रोक लिया। जहरीली दवा बिकने की बात कहते हुए बैग दिखाने को कहा। शिवशंकर ने पहले बैग देने से मना किया तो दोनों पुलिस का रुआब दिखाते हुए कोतवाली चलने को बोले। मामला बिगड़ता देख बैग जांच के लिए दे दिया। इस बीच उसके बैग से करीब 237 ग्राम सोना लेकर बदमाश भाग निकले। जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस छानबीन के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। एएसपी पूर्वी दुर्गेश सिंह ने बताया कि पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर टप्पेबाजी करने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।