प्रयागराज के टेंपो चालक रवि यादव की हथिगवां थाना क्षेत्र की सीमा स्थित नाले के पास पेचकस से गोदकर हत्या कर दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय ने मौके पर छानबीन की। वारदात का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
प्रयागराज जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सीताकुंड निवासी रवि यादव (25) टेंपो चलाकर परिवार का गुजर-बसर करता था। मंगलवार की शाम वह टेंपो से अपनी बुआ के बेटे सुनील को प्रयागराज से घर छोड़ने के लिए बाघराय के पचमहुआ आया था। उसे पहुंचाने के बाद वह अपने घर जाने के लिए निकला। रात करीब आठ बजे परिवार के लोगों से खुद के लालगोपालगंज में होने की जानकारी भी दी थी।
रात करीब 11.30 बजे हथिगवां थाना क्षेत्र के बरना व नवाबगंज के भगौतीपुर अहिरान नाले के करीब सड़क पर कुछ दूरी पर खून से लथपथ उसका शव मिला। उधर से गुजर रहे सरखेलपुर के इमरान ने रवि को पहचान लिया और पुलिस व परिजनों को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर उसे कौड़िहार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
खबर मिलने पर घटनास्थल के करीब रहने वाले मृतक के फूफा पिरडल्लू निवासी शिवधारी भी पहुंचे। उनकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पिता हीरालाल के अनुसार रवि टेंपो की किस्त जमा करने के लिए रुपये लेकर घर से निकला था। न तो रुपये का कुछ पता न ही मोबाइल का।
टेंपो चालक की हत्या की खबर पर पहले नवाबगंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हथिगवां पुलिस भी कुछ देर में पहुंची तो सीमा विवाद का मामला उलझ गया। बाद में हथिगवां पुलिस बदमाशों की तलाश में खोजबीन करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगी।
पेचकस से गोदकर हत्या की गई है। मुकदमा दर्ज कर खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई है।
संजय राय, एएसपी
प्रेम प्रसंग या रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस लालगोपालगंज समेत आसपास लगे सीसीटीवी पुलिस खंगाल रही है। मोबाइल फोन की काल डिटेल से भी घटना की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। थानाध्यक्ष नंदलाल ने बताया कि हत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है। प्रेम प्रसंग या सवारी से विवाद में घटना की आशंक है।
पेट व गले में मिले चोट के निशान
कुंडा। रवि के पेट व गले में पेचकस के घाव के निशान मिले हैं। सूत्रों के अनुसार रवि के पेट के ऊपरी हिस्से में नुकीले औजार के हमले से शरीर के अंदरूनी अंग क्षत विक्षत हो गए थे। अधिक रक्तश्राव से उसकी जल्दी मौत हो गई। संवाद
बुआ रोकती रही पर मौत खींच ले गई
- पिता किसान और मां हैं बिरहा गायिका
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडा। टेंपो चालक रवि यादव मंगलवार को मुंबई से आने वाले फुफेरे भाई सुनील संग चचेरे भाइयों व भगौतीपुर के दो लड़कों को प्रयागराज रेलवे स्टेशन से लेकर घर के लिए निकला था। सुनील को छोड़ने के बाद घर जाने लगा तो बुआ ने उसे रोका लेकिन वह नहीं माना।
बुआ ने बताया कि सुनील ने कहा कि बुधवार भोर में ही मंडी सब्जी पहुंचाने जाना है। यह कहते हुए बुआ, बहन सपना, प्रतिभा, करिश्मा, वैष्णवी और भाई राजू रोते-बिलखते रहे। मृतक कुछ दिनों तक ट्रैक्टर व ट्रक भी चला चुका था। दो माह पहले टेंपो खरीदा था।
रवि यादव की मां सपना यादव बिरहा गायिका हैं और पिता हीरालाल किसानी करते हैं। बेटे के हत्या की खबर आधी रात को मिलने के बाद परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।