मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन पर सोमवार सुबह 11.20 बजे पहुंची वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस की दो बार चेन पुलिंग हुई। करीब 20 मिनट तक जनता एक्सप्रेस जंक्शन पर ही खड़ी रही। चेकिंग के बजाए आरपीएफ व जीआरपी मूकदर्शक बनी रही।
वहीं, हौज पाइप को जोड़ने के बाद ट्रेन दोबारा चली तो स्लीपर पर चढ़ रहे युवक को आरपीएफ कर्मी ने मुक्का दे मारा। हालांकि वह तब तक ट्रेन प्लेटफाॅर्म पार कर चुकी थी। जिसके कारण युवक आरपीएफ कर्मी को विरोध नहीं कर सका।
वाराणसी से देहरादून जा रही जनता एक्सप्रेस सोमवार को अपने निर्धारित समय से 45 मिनट देरी से जंक्शन पहुंची। जंक्शन पर ट्रेन का महज पांच मिनट ही ठहराव था लेकिन सुबह 11.20 से 11.35 बजे के बीच दो बार चेन पुलिंग कर ट्रेन को आगे बढ़ने से रोक दिया।
20 मिनट के ठहराव के बाद भी चेन पुलिंग करने वालों को पकड़ने के बजाए जंक्शन पर तैनात पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। 11.40 बजे हौज पाइप जुड़ने के बाद जनता एक्सप्रेस आगे बढ़ी। स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद ने बताया कि जनता एक्सप्रेस की चेन पुलिस से कुछ देर के लिए ट्रेन जंक्शन पर खड़ी रही।