लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते सीडीओ व सीएमओ। संवाद
स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए शनिवार को सीडीओ डॉ. राम मोहन मीना और सीएमओ डॉ. एएन प्रसाद ने लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में जगह-जगह गंदगी और झाड़ियां मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक अरविंद गुप्ता को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
दवा स्टोर में पहुंचकर अधिकारियों ने दवाओं के रखरखाव की स्थिति देखी और कमियां दूर करने को कहा। वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत की। सीडीओ ने सीएचसी के महिला वार्ड को महिला अस्पताल के अंदर शिफ्ट करने का निर्देश दिया। अस्पताल परिसर में हो रही अवैध पार्किंग हटाने और प्राइवेट आवास की ओर खुलने वाला दरवाजा बंद कराने को भी कहा।
उन्होंने बताया कि सीएचसी को कायाकल्प अवार्ड के तहत सर्टिफिकेट दिलाने की तैयारी है। इस दौरान डॉ. अरविंद गुप्ता, डीपीएम रंजीत यादव, डीसीपीएम मो. नाजिम मौजूद रहे।