नगर में शनिवार को तेज धूप में लगभग तीन बजे अचानक धमाके के साथ सीसी रोड फटने से अफरातफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए।
लालगंज में घुइसरनाथ रोड स्थित छोटी नहर के समीप लोक निर्माण विभाग से सात मीटर चौड़ी सीसी रोड का निर्माण हुआ है। शनिवार को तेज धूप में इस मार्ग पर राहगीरों का आवागमन जारी था। इस दौरान अचानक सीसी रोड धमाके के साथ कुछ इंच ऊपर उठ गई।
इससे रोड बीच में दरारें आ गईं और उसका कुछ हिस्सा उभरकर बाहर आ गया। दोनों ओर लगभग दो सौ मीटर तक लंबी दरारें पड़ गईं।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक इलाके में दहशत व कौतूहल का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए। लोग सड़क के नीचे गैस बनने की वजह से धमाका होने की आशंका जता रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी अजय कुमार, सर्वजीत गुप्ता, सौरभ शास्त्री ने बताया कि धमाके के डर से लोग घर से बाहर निकल आए।
कभी-कभार अधिक तापमान के कारण इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं। इस मामले की जानकारी कर सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी।
अवधेश कुमार, अवर अभियंता, पीडब्ल्यूडी
जाने धमाके की क्या हो सकती है वजह
सड़क के नीचे अचानक धमाका होने के पीछे मुख्य कारण गैस रिसाव, शॉर्ट-सर्किट, कचरे के सड़ने से बनी गैसों का फटना होता है। जब भूमिगत पाइप लाइनों या सीवर में खतरनाक गैसें जमा हो जाती हैं और उन्हें कोई चिंगारी मिल जाती है तो यह विस्फोट हो जाता है।