कुंडा डाकघर से उपडाकपाल संतोष को उनके घर ले जाने के लिए निकलती अधिकारियों की टीम।
- फोटो : PRATAPGARH
कुंडा डाकघर में सीबीआई का छापा, चार घंटे बंद कमरे में चली जांच
दो लोगों को जांच के लिए ले गए उनके घर
कुंडा। सीबीआई की टीम ने शनिवार को कुंडा स्थित डाकघर में छापा मारा। अधिकारियों ने आफिस को कब्जे में ले लिया। इसके बाद बाहर का दरवाजा बंदकर घंटों जांच करते रहे। शाम को चार बजे दो लोगों को लेकर अधिकारियों की टीम बाहर निकली। इसके बाद दोनों के घरों पर जाकर जांच की गई। आफिस में पहुंचने पर अधिकारियों ने कार्यालय में मौजूद बाहरी लोगों को सीबीआई होने की बात कहते हुए बाहर कर दिया। देर शाम तक अधिकारी किसी से बात करने को तैयार नहीं थे।
कुंडा स्थित डाकघर में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे छह सदस्यीय अधिकारियों की टीम पहुंची। खुद को सीबीआई की टीम बताते हुए कार्यालय में मौजूद बाहरी लोगों को बाहर कर दिया गया। इसके बाद बाहर का दरवाजा बंदकर टीम घंटों जांच करती रही। इधर बाहर निकले लोगों ने जब बताया कि सीबीआई जांच कर रही है तो गेट पर भीड़ जुट गई। हर कोई मामला जानने को उत्सुक हो उठा। चार बजे दो अधिकारियों की टीम उप डाकपाल संतोष को लेकर बाहर निकली। इस दौरान पता चला कि उन्हें उनके घर जांच के लिए ले जाया जा रहा है। इसके थोड़ी देर बाद फिर से दो अधिकारियों की टीम लिपिक सूरज मिश्र को लेकर बाहर निकली और उन्हें उनके घर ले जाने की बात कहते हुए चली गई। इसी दौरान एक अधिकारी ने बताया वह लोग मीडिया से बात नहीं कर सकते। बस इतना बताया कि दो लोगों को रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों टीमें फिर कार्यालय पहुंच गईं। टीम किसी से कुछ भी बात करने के लिए तैयार नहीं थी।
कुंडा डाकघर से लिपिक सूरज मिश्र को जांच के लिए उनके घर ले जाती अधिकारियों की टीम।- फोटो : PRATAPGARH