किशोरी को अगवा करने वाले युवक पर केस
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को पड़ोसी गांव के दो युवकों ने अगवा कर लिया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
किशोरी अपने घर से पिता के पास दुकान पर सामान पहुंचाने जा रही थी। पड़ोसी गांव अर्जुनपुर व उपाध्यायपुर के दो युवकों ने बदनियती से उसे अपहृत कर कमरे में बंद कर दिया। उधर, किशोरी के घर न पहुंचने पर परिजन परेशान हो उठे और उसकी तलाश करने लगे।
अगले दिन सुबह उन्हें किशोरी को एक कमरे में बंधक बनाकर रखने की जानकारी हुई। परिजनों के हंगामे के दौरान किशोरी को छुड़ा लिया गया। इस मामले में पीड़िता की मां की तहरीर पर रवि यादव पुत्र करियऊ निवासी उपाध्यायपुर तथा सूरज तिवारी पुत्र राकेश तिवारी निवासी अर्जुनपुर के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
मामूली विवाद में महिला को पीटा, चार पर रिपोर्ट
कोतवाली क्षेत्र के रमईपुर नेवादा गांव में मामूली विवाद में महिला की पिटाई कर दी गई। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। रमईपुर नेवादा गांव निवासी सद्दाम पुत्र मोहम्मद सलीम का आरोप है कि उसका छोटा भाई शौच के लिए तालाब पर गया था। जहां उसका विवाद गांव की ही एक महिला से हो गया। इसी विवाद को लेकर पड़ोसी इकरार, बशीर जडंइल तथा उनकी पत्नी ने उनकी मां अनवरी पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। हमले में घायल अनवरी को लेकर बेटा सद्दाम कोतवाली आया और आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
लॉकडाउन के चलते दुकानें बंद, पसरा रहा सन्नाटा
शनिवार को लॉकडाउन के चलते इलाके की दुकानें बंद रहीं। नगर भ्रमण के दौरान पट्टी कोतवाल ने दस लोगों का मॉस्क न पहनने के कारण चालान करते जुर्माना वसूला। सड़क पर आवागमन बंद नजर आया।
सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग अथवा आवारा पशु ही टहलते नजर आए। शासन के निर्देशों का पालन करने के लिए स्थानीय नागरिकों से पट्टी कोतवाल नरेंद्र सिंह अपने वाहन के जरिए यह संदेश प्रचारित करते नजर आए। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हिदायत दी गई कि इसका उल्लंघन करता हुआ कोई भी नागरिक पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ज्यादातर लोग अपने घरों से बाहर नहीं आए। ऐसे में सड़कों पर भी दिन भर सन्नाटा पसरा रहा।