अमेठी के रहने वाले पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के भतीजे शुभम प्रजापति की मौत के मामले में जीआरपी ने हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमेठी कोतवाली के परसावा छोटा बेनीपुर निवासी पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का भतीजा शुभम (19) पुत्र जगदीश प्रजापति बृहस्पतिवार को गांव में ही आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वहां उसकी कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देर रात वह बाइक से घर लौटा। इसके बाद किसी का फोन आने पर वह पैदल ही घर से निकल पड़ा। फिर लौटकर घर नहीं आया। शुक्रवार सुबह शुभम का शव अमेठी स्टेशन के करीब रेलट्रैक पर मिला। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुभम के पिता जगदीश प्रजापति ने राजनैतिक कारणों से शुभम की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए जीआरपी को तहरीर दी। जीआरपी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जीआरपी एसओ फूल सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
864 लोगों की जांच, नहीं मिले संक्रमित
शनिवार को 24 घंटे के भीतर 864 लोगों की स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराई। इसमें एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। उधर, शासन ने अस्पतालों में पहले की तरह ओपीडी संचालित करने का आदेश जारी किया है।