देल्हूपुर थाना क्षेत्र स्थित विश्वनाथगंज बाजार में शनिवार की सुबह करीब सात बजे डंपर की टक्कर से कार बेकाबू होकर विपरीत दिशा में घूमते हुए दुकान के अंदर चली गई। हादसे में दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि दुर्घटना में लोग बाल-बाल बच गए।
प्रयागराज से सुल्तानपुर की तरफ जा रही कार अचानक शनिदेव धाम मोड़ की तरफ जाने के लिए पहुंची। पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर तेज होने के कारण बेकाबू हुई कार विपरीत दिशा में घूम कर रेलिंग तोड़ते हुए छेदीलाल और फूलचंद के मिठाई की दुकान के अंदर चली गई।
व्यापारी दुकान छोड़कर बाहर आ गए। बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानें कार की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गईं। मौका पाकर कार चालक भाग निकला। कार सवार सुल्तानपुर की शिक्षिका मंजू मगन व उनकी बेटी बाल-बाल बच गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ हटाकर आवागमन शुरू कराया।
दरअसल, बाजार में अतिक्रमण के चलते मार्ग सकरा हो गया। हाईवे के नाले और सड़क लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इसके पहले भी विश्वनाथगंज बाजार में कई बार हादसा हो चुका है। हादसे में लोगों की जान तक जा चुकी है।
एसडीएम को रिपोर्ट भेजकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण की रिपोर्ट तैयार करने के लिए थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है।
विनय प्रभाकर साहनी, सीओ रानीगंज