मदरसा शिक्षक को गोली मारने वाले बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। शिक्षक की हालत में बुधवार को सुधार रहा। उन्होंने अपने बयान में बताया कि बदमाशों का चेहरा पहचान लेंगे, लेकिन नाम नहीं जानते। शिक्षक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर कोतवाली के सिटी कजियाना मोहल्ला निवासी मदरसा शिक्षक फिरोज अहमद को मंगलवार की सुबह घर में घुसकर दो बदमाशों ने गोली मार दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार तीसरे बदमाश के साथ सभी भाग निकले। भागने के दौरान तीनों बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
छानबीन के दौरान कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। बुधवार को गोली लगने से घायल शिक्षक की हालत में सुधार रहा। सिटी चौकी के दरोगा को बयान में शिक्षक ने बताया कि वह गोली मारने वाले बदमाशों को चेहरे से पहचान सकता है, लेकिन नाम नहीं बता पाएगा।
पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों की तलाश में दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। शिक्षक की पत्नी रूबी की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर कोतवाल ने बताया कि छानबीन व घायल शिक्षक से बात होने के बाद मदरसा के प्रबंधक कासिम उमर समेत तीन लोगों को रात में ही छोड़ दिया गया। गोली मारने की वजह रुपये का लेनदेन है।