सरयू एक्सप्रेस के कैंसिल किये जाने के बाद भी टिकट बांटने से खफा यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा किया। उनका आरोप था कि बुकिंग वाले टिकट वापस नहीं कर रहे हैं। इसकी शिकायत एसएम और एसएस से की गई।
दरअसल, फैजाबाद से इलाहाबाद जाने वाली सरयू एक्सप्रेस ट्रेन सुबह सवा सात बजे प्रतापगढ़ आती है। सोमवार को वह लेट थी। उससे जाने वाले यात्रियों ने टिकट लिया और उसके इंतजार में प्लेटफार्म पर बैठ गये। दोपहर तक लोग इंतजार करते रहे। मगर ट्रेन नहीं आई। इस बीच वे कई बार पूछताछ काउंटर और एसएम दफ्तर में पूछकर थक गये। मगर किसी भी कर्मचारी को ट्रेन की सही पोजीशन नहीं मालूम थी। उनको कंट्रोल से भी कोई मैसेज नहीं मिला था। दोपहर करीब सवा दो बजे लखनऊ कंट्रोल से मैसेज आया कि सरयू प्रतापगढ़ में ही कैंसिल कर दी गई। कर्मचारी ने इस बारे में यात्रियों को अवगत करा दिया। रेल कर्मचारियों के अनुसार यात्रियों ने सूचना सुनी तो उनका गुस्सा भड़क गया। पहले तो वे भागते हुए टिकट लौटाने के लिये काउंटर पर गये। मगर कर्मचारी ने बिना किसी सूचना के रिफंड देने से साफ मना कर दिया। बोला कि जब तक उसके पास कैंसिल का मैसेज नहीं आ जाता वह टिकट बांटेगा। इससे गुस्साये यात्री स्टेशन पर हंगामा करने लगे। उनका आरोप था कि अगर यही सूचना पहले मिल गई होती तो वे इतने देर तक स्टेशन पर क्यों बैठते। दूसरा साधना पकड़कर चले गये होते। उन्होंने इसकी शिकायत एसएस टीएन मिश्रा और एसएम इबरार अहमद से की। उन्होंने फौरन कैंसिल होने की सूचना काउंटर पर भेजी तब जाकर टिकट वापस हुआ। मजे की बात यह है कि ट्रेन सुबह से ही कैंसिल थी, मगर उसकी सूचना समय पर न मिलने की वजह से दोपहर तक टिकट बांटा गया।