ईंट-भट्ठा मजदूरों को लेकर अलीगढ़ से गया जा रही बस हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस में सवार साठ से अधिक लोग घायल हो गए। चीखपुकार पर आसपास के लोग दौड़े और घायलों को बस से बाहर निकाला। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा गया। देर शाम दूसरी बस बुलाकर सभी को रवाना किया गया।
बिहार के गया जनपद के विभिन्न गांवों के मजदूर अलीगढ़ के एक ईंट-भट्ठे पर काम करने के लिए गए थे। बारिश में ईंट-भट्ठा बंद होने पर मजदूर बस बुक कर घर लौट रहे थे। बस में महिलाओं, बच्चों व पुरुषों समेत सौ से अधिक लोग सवार थे। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे हथिगवां थाना क्षेत्र में हाईवे पर राजपूत ढाबे के पास ड्राइवर को झपकी आ गई। इससे बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद मजदूरों में चीखपुकार मच गई।
इस पर आसपास के लोग दौड़े और बस में रहे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। एंबुलेंस से घायलों को कौशाम्बी व कुंडा के अस्पताल में भेजा गया। सूचना पर सीओ कुंडा समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। हालांकि किसी को विशेष दिक्कत न होने के चलते प्राथमिक इलाज के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। देर शाम दूसरी बस बुलाकर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।