शीतलन धाम कड़ा निशान चढ़ाने जा रहे श्रद्धाल़ुओं से भरी बस को बेकाबू ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। जिससे बस में सवार 12 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के अवधानपुर निवासी राकेश पुत्र मोतीलाल पटेल की बेटी पूजा की शादी 11 जून को है। जिसके उपलक्ष्य में सोमवार को परिवार के लोग मां शीतलन देवी कड़े मानिकपुर धाम में निशान चढ़ाने के साथ ही दर्शन-पूजन करने जा रहे थे।
उनके साथ रिश्तेदार भी थे। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर बीठलपुर गांव के पास पहुंचते ही लखनऊ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। इससे बस में सवार श्रद्धालु घायल हो गए। श्रद्धालुओं के करुण से कोहराम मचा रहा।
टक्कर लगने के बाद पंकज (13)पुत्र शोभनाथ, धर्मेंद्र (10), रामलखन पटेल (50), सुनीता देवी, रामबोध पटेल, सीमा (35) पत्नी राजेश, जयश्री पटेल पत्नी राकेश पटेल, सुशील यादव पुत्र रामशिरोमणि, राजेश पटेल पुत्र जवाहर लाल, प्रेमनाथ पटेल पुत्र शोभनाथ समेत दर्जन भर लोगों को चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास के लोग बस में फंसे घायल श्रद्धालुओं को बाहर निकालने लगे। कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को दूसरे वाहन से सीएचसी भेजा गया,जहां राजेश कुमार, प्रेमनाथ, जयसिंह, सुशील कुमार निवासी अवधानपुर व एक मासूम बच्चे को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हुआ ट्रक चालक
लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर बीठलपुर गांव के पास हादसा ट्रक चालक की लापरवाही से हुआ। जिससे बस में सवार श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल तो ट्रक चालक को पकडक़र थाने पर भेजा। पुलिस की निगरानी में होने के बाद भी ट्रक चालक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से फरार हो गया।
घायलों को देखने पहुंचे उपजिलाधिकारी
सडक़ दुर्घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी जलराजन चौधरी, नायब तहसीलदार वीरभद्र सिंह सीएचसी पहुंचकर घायलों के बारे में जानकारी करने लगे। सभी को उपचार की व्यवस्था मुहैया कराई।