कस्बे के चौक में दबंगों ने घड़ी की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ व मारपीट शुरू कर दी गई। अचानक हुए इस हमले में से बाजार में अफरातफरी मच गई। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। शोरशराबा सुनकर जुटे व्यापारियों ने दो हमलावरों को दबोच लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पट्टी कस्बा निवासी लालजी जायसवाल की चौक में घड़ी की दुकान है। उनका बेटा रवि जायसवाल अमूल की एजेंसी चलाता है। शनिवार को एजेंसी से मालवाहक टेंपो पर सामान लादकर रमईपुर निवासी ड्राइवर नन्हेलाल यादव जौनपुर के महाराजगंज की तरफ सामान पहुंचाने गया था।
लौटते समय पट्टी-राजाबाजार रोड पर भरोखन नहर पुलिया के पास टेंपो टकराने को लेकर कार सवार लोगों से उसका विवाद हो गया। कार सवार लोगों ने ड्राइवर से नुकसान की भरपाई की मांग करते हुए उसे बंधक बना लिया। बाद में करीब दर्जनभर लोग बाइक व चार पहिया वाहन से पट्टी चौक पहुंचे और लालजी की घड़ी की दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
विरोध करने पर लालजी के बेटे शनि जायसवाल, रवि जायसवाल तथा शशांक जायसवाल व भाई राजकुमार को पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर आसपास के व्यापारी इकट्ठा हुए तो हमलावर भागने लगे। इस दौरान व्यापारियों ने दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया। उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दुकानदार ने टेंपो में रखे 25 हजार रुपयों से भरा बैग लूटने का भी आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
5 शिकायतें आईं, निस्तारण एक का भी नहीं
पट्टी। शनिवार को पट्टी थाने में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 5 शिकायतें आईं। एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। पट्टी थाने में तहसीलदार विनोद गुप्ता, नायब तहसीलदार राजकपूर व थाने के एएसआई फैयाज अहमद की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 5 शिकायतें आईं।