कुंडा कस्बा रजनपुर में बाईपास कूड़ाघर के करीब बोरे में मिले नरमुंड में बुलेट फंसी मिली है। पुलिस के मुताबिक हत्यारों ने गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर फेंका गया है। पुलिस अब बरामद नरमुंड व गायब शिक्षामित्र के परिजनों का सैंपल डीएनए टेस्ट के लिए भेजने की तैयारी में है।
कुंडा कोतवाली के रजनपुर कस्बे में शुक्रवार की रात कूड़ाघर के करीब बोरे को कुत्ते नोच रहे थे। बोरे से निकले नरमुंड पर नजर पड़ने के बाद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर जमेठी कस्बे से गायब शिक्षामित्र पवन सिंह उर्फ राजा के परिजन भी पहुंचे। कपड़ों से नरमुंड की पहचान राजा के रूप में करने लगे। जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया।
हालांकि शनिवार को परिवार के लोगों की आशंका कम हो गई। जबकि कस्बे के लोग नरमुंड राजा का ही बता रहे हैं।
रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान नरमुंड में पिस्टल की बुलेट फंसी मिली। जिसके बाद पुलिस महकमे में सरगर्मी तेज हो गई। जल्द ही कुंडा पुलिस राजा के परिवार के लोगों का डीएनए सैंपल लेकर जांच के लिए भेजेगी। कुंडा कोतवाल ने बताया कि नरमुंड की शिनाख्त के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।