शहर का अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर पालिका का बुलडोजर गरजा। अतिक्रमण करने वाले 12 दुकानदारों से साढ़े पांच हजार रुपये जुर्माना भी वसूला। कार्रवाई से अफरा-तफरी का माहौल रहा।
नगर पालिका के सफाई निरीक्षक संतोष सिंह, जेई सिविल योगेंद्र सिंह, जेई एसपी सिंह, आरआई राजेश बिंद मंगलवार दोपहर कर्मचारियों की फौज लेकर श्रीराम तिराहा पहुंचे। कर्मचारियों ने सड़क और पटरी तक हुए अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया, जिससे खलबली मच गई। देखते ही देखते लोग अपनी दुकान का सामान समेटने लगे। पालिका की टीम बिजली के पोल पर लगे पोस्टर, होर्डिंग भी हटाती रही।
फल, जूस और मिठाई की दुकान के अतिक्रमण को हटाते समय दुकानदारों से नगर पालिका कर्मचारियों की तीखी बहस भी हुई। पालिका प्रशासन का कहना था कि चार दिन से लगातार उद्घोषणा की जा रही है लेकिन दुकानदार अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं हैं।
वहीं दुकानदारों का कहना था कि पालिका प्रशासन बिना मौका दिए अतिक्रमण हटवा रहा है। ईओ राकेश कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद भी दुकानदार व दूसरे लोग सड़क तक कब्जा कर ले रहे हैं। ऐसे लोगों के ऊपर अब दोगुना जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।