भूपियामऊ ओवर ब्रिज के समीप सर्विस लेन की जद में आने वाले सात रिहायशी मकानों को तहसील प्रशासन के बुलडोजर ने ढहा दिया। मकानों को ढहाने के बाद मलबे को हटाने की कार्रवाई भी की गई। लगातार दूसरे दिन गरज रहे बुलडोजर से स्थानीय लोगों में खलबली मची रही। पुलिस बल मौजूद होने से विरोध करने की हिमाकत लोग नहीं जुटा सके।
लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग स्थित भूपियामऊ में ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। भूपियामऊ से रानीगंज जाने वाले सर्विस लेन की जद में आने वाले लोगों को मुआवजा देकर स्थान खाली करा दिया गया। सर्विस लेन से लोगों को आवागमन शुरू हो गया है। वहीं रानीगंज से भूपियामऊ आने वाले सर्विस लेन मार्ग खाली नहीं कराया जा सका था।
इलाके लोगों ने नोटिस के बाद स्थान खाली करने की बात कही थी। शुक्रवार को एसडीएम सदर शैलेंद्र वर्मा और सीओ सिटी शिव नारायण वैश्य ने नोटिस थमा कर जेसीबी से अतिक्रमण वाले दुकानों और रिहायशी मकान को ढहवा दिया।
शनिवार को भी सर्विस लेन की जद में आने वाले दिव्यांग गुलाब सिंह की दुकान और रिहायशी मकान के साथ रणजीत सिंह, सभाजीत सिंह, हरिराज सिंह, धर्म सिंह, यदुराज सिंह, संजय सिंह के भवन को गिरा दिया गया। जेसीसी कार्रवाई से लोगों की भीड़ इधर-उधर जुटी रही। पुलिस बल मौजूद होने के चलते लोग विरोध नहीं जता सके। मकानों के मलबे को भी हटाने की कार्रवाई की गई।