कुंडा। कोतवाली क्षेत्र में लूट और डकैती के मामले में मंगलवार भोर फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से घायल बदमाश को उपचार के लिए एसआरएन ले जाया गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस व चांदी की पायल मिली है।
एएसपी पश्चिमी संजय राय ने बताया कि कुंडा के गयासपुर में छोटेलाल गौतम के घर छह जुलाई को पड़ी डकैती और 25 जून की रात मीरपुर बनोही में कृष्ण कुमार पांडेय के घर से चोरी की घटना में शामिल फरार चले बदमाश बंतरी रैयापुर निवासी कमलेश दुबे उर्फ बब्बू दुबे के ऊपर एडीजी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
उसकी तलाश में पुलिस टीम लगी थी। मंगलवार भोर में कुंडा पुलिस और स्वाट टीम ने कुंडा से बिहार जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्राॅसिंग पुलिया के पास से बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। बाइक सवार को आता देख पुलिस टीम अलर्ट हो गई।
पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह फायरिंग करते हुए पीछे की ओर भागा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में कमलेश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा कारतूस और छोटेलाल के घर से चोरी का सामान बेचने के बाद मिले दो हजार रुपये और मीरपुर से चुराई गई चांदी की पायल मिली। पूछताछ में कमलेश दुबे ने बताया कि वह अपने बेटे शुभम संग व साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया करता था।
बेटा शुभम पहले ही जेल जा चुका है। गोली लगने से घायल बदमाश को इलाज चल रहा है।