वैवाहिक कार्यक्रम में लाइट लगाकर घर लौट रहे दो युवकों को बोलेरो व बुलेट सवार लोगों ने अगवा कर लिया। चाकू से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया। दोनों को उपचार के लिए जौनपुर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फतनपुर थाना क्षेत्र के भोजेमऊ निवासी शिवम पाल (21) ननिहाल में रहता है। बुधवार को वह गांव के विवेक यादव (22) के साथ कोठरा गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में लाइट व जनरेटर लगाने गया था। वहां से देर रात दोनों अपने तीसरे साथी को छोड़ने के लिए तारडीह गांव गए थे। वहां से कुछ दूर स्थित तालाब के पास दोनों शौच के लिए रुक गए। तभी बोलेरो व बुलेट से छह लोग पहुंचे।
शिवम और विवेक को लाठी-डंडे से पीटने के बाद उन पर चाकू से हमला कर दिया। अधमरा होने पर दोनों को बोलेरो में लाद लिया और भोजेमऊ के करीब बेहोशी की हालत में फेंक दिया। इस बीच किसी ग्रामीण की उन पर नजर पड़ी। सूचना मिलने पर परिजन रोते बिलखते पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए बादशाहपुर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की मां ने पुलिस तहरीर दी है। एसओ फतनपुर ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी भी घटना की जानकारी नहीं है।