पट्टी इलाके में भरोखन पुलिया के समीप बृहस्पतिवार को नहर में सरकारी अस्पताल की दवाएं फेंकी मिलीं। भारी मात्रा में दवाएं मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। सरकारी दवाओं फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीएचसी पट्टी से स्वास्थ्य कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। सीएमओ के निर्देश पर टीम दवाओं को एकत्र कर अस्पताल ले आई। स्वास्थ्य विभाग अब बैच नंबर के आधार पर जांच कर रहा है कि यह दवाएं किसे निर्गत हुई थीं।
बृहस्पतिवार सुबह कुंदनपुर गांव के लोगों ने भरोखन पुलिया के पास नहर में भारी मात्रा में दवाएं देेखीं। दवाएं सरकारी अस्पताल की थीं। आशंका जताई गई कि रात में दवाओं को फेंका गया था। इस बीच किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद सीएमओ डा. एके श्रीवास्तव ने सीएचसी अधीक्षक पट्टी को जांचकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस पर सीएचसी से एक टीम मौके पर पहुंची और दवाएं एकत्र कर ले आई। अधीक्षक डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर फेंकी गई दवाओं को एकत्र किया गया है। उनके बैच नंबर के आधार पर पता किया जाएगा कि यह दवाएं किसे निर्गत की गई थीं। ऐसे लोगों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए उच्च अफसरों को रिपोर्ट दी जाएगी।