कंधई थाना क्षेत्र के पूरे बेनीराम में शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे युवती संदिग्ध दशा में घर के अंदर फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूरे बेनीराम निवासी आशिक अली की मौत करीब छह माह पहले हुई थी। सबसे छोटी बेटी मुश्कान (21) को मानसिक बीमारी थी। उसका इलाज सुल्तानपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। बृहस्पतिवार की शाम युवती कमरे में सोने चली गई। रात में ही युवती ने पंखे के हुक पर रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया। युवती के बाहर न आने पर परिजन कमरे में गए।
युवती को फंदे पर लटका देख परिजनों की चीख निकल गई। पास-पड़ोस के लोगों की भीड़ मृतका के घर पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने पुलिस को मानसिक बीमारी की जानकारी दी। मृतका पांच बहन व दो भाइयों में सबसे छोटी थी।
थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।