देल्हूपुर के नौबस्ता में कमरे में शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे युवक का शव पंखे के चुल्ले पर गमछे के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने साढ़ू व ससुरालीजन पर पिटाई करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देल्हूपुर के नौबस्ता गांव निवासी हरिराम वर्मा का बेटा अजय वर्मा (28) दूसरे राज्य में रहता था। दिवाली पर वह घर आया था। पिता के अनुसार, अजय की वर्ष 2024 अप्रैल में शादी हुई थी। वह पत्नी सुरेखा और चार माह की बेटी से मिलने बृहस्पतिवार को प्रयागराज के होलागढ़ थाने के रामगढ़ अपनी ससुराल गया था।
आरोप है कि वहां पत्नी को घर लाने को लेकर साढ़ू से विवाद हो गया। इस पर ससुरालीजन और साढ़ू ने उसे पीट दिया और बाइक, मोबाइल व आधार कार्ड छीन लिया।
अजय वर्मा ने घर आकर घटना बताई। पिता का आरोप है कि इसी बात से आहत होकर अजय ने शुक्रवार को जान दे दी। देर तक दरवाजा न खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कमरे से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वर्जन-
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के परिजनों से मामले की जानकारी जुटाई गई है। उनकी ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - प्रशांत राज, सीओ रानीगंज