यूपी बोर्ड परीक्षा का आगाज बृहस्पतिवार से हो रहा है। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए जिले के 218 परीक्षा केंद्रों पर जिला प्रशासन ने सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। बोर्ड परीक्षा के लिए में 10वीं कक्षा में 62,028 और 12वीं कक्षा में 63311 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बृहस्पतिवार को पहली पाली में सुबह 8.00 बजे से सुबह 11.15 बजे तक हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा होगी। जबकि दूसरी पाली में दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा होगी। बुधवार को परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक जुटे रहे।
परीक्षा कक्ष में कर्मचारी डेस्क स्लिप चस्पा करते रहे। डीआईओएस डॉ. ओपी राय ने जीआईसी प्रधानाचार्य राजकुमार सिंह के साथ कंट्रोल रूम में पहुंचकर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था देखी। उन्होंने ऑनलाइन बैठक कर केंद्र व्यवस्थापकों को नकलविहीन परीक्षा संपादित कराने को लेकर निर्देशित किया। परीक्षा चार मार्च को समाप्त होगी। हाईस्कूल के परीक्षा 15 दिन और इंटरमीडिएट की 16 दिन में समाप्त होगी।
पांच जोन और 27 सेक्टर में बांटे गए परीक्षा केंद्र
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपादित कराने के लिए परीक्षा केंद्रों की किलेबंदी की गई है। परीक्षा केंद्रों को पांच जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त 261 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें पांच जोनल व 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 218 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। इसके अलावा 218 बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों की भी व्यवस्था की गई है।
Iबच्चों को भयमुक्त, तनावमुक्त होकर पूरी ईमानदारी के साथ पूर्ण मनोयोग से परीक्षा देना चाहिए। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए शासन ने लखनऊ से निगरानी करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, वाइस रिकार्डर लगाया गया है। इसलिए नकल करने का प्रयास न करें।
डॉ. ओपी राय, जिला विद्यालय निरीक्षकI