जीजीआईसी से इंटर अंग्रेजी का पेपर देकर बाहर निकली छात्राएं प्रश्नों को मिलाते हुए। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
बुधवार को इंटर अंग्रेजी के पेपर की परीक्षा के साथ ही यूपी बोर्ड की परीक्षा समाप्त हो गई। दरअसल, बलिया में पेपर लीक होने की वजह से यह परीक्षा टल गई थी। परीक्षा में कुल 4148 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों की निगरानी में सचल दल भ्रमण करते रहे। हालांकि परीक्षा में कहीं भी नकल की शिकायत नहीं मिली।
बलिया में पेपर लीक होने की वजह से इंटर अंग्रेजी की परीक्षा टल गई थी। बलिया में जिस कोड का पेपर लीक हुआ था, उसी कोड का पेपर प्रदेश के 24 जिलों में भेजा गया था। इससे 24 जिलों में अंग्रेजी के पेपर की परीक्षा के लिए 13 अप्रैल की तिथि निर्धारित की गई थी। बुधवार को पहली पाली में इंटर की अंग्रेजी के पेपर की परीक्षा थी। इसमें कुल 41171 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
इनमें 23051 छात्र व 18120 छात्राएं थीं। परीक्षा में 4148 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कहीं से भी नकल की शिकायत नहीं मिली। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. सर्वदानंद ने बताया कि इंटर अंग्रेजी के पेपर के साथ ही यूपी बोर्ड परीक्षा समाप्त हो गई। पहली पाली में हुई परीक्षा में कहीं भी कोई शिकायत नहीं मिली।
अपर शिक्षा निदेशक ने लिया जायजा
अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. अंजना गोयल ने बुधवार को प्रथम पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्र नौलाखी देवी सोमवंशी इंटर कॉलेज भरोखन पट्टी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पट्टी, काशी प्रसाद यादव बालिका इंटर कॉलेज सदहा पट्टी, महादेव प्रसाद इंटर कॉलेज महादेवनगर, लाल बहादुर यादव इंटर कॉलेज बिनैका पट्टी में केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट से पूछताछ की। इस दौरान लाइजन अफसर डॉ. विंध्याचल सिंह, नीरू श्रीवास्तव, सारिका गुप्ता, सरोज कुमार यादव आदि मौजूद रहे।