जिले के 17 विकासखंडों में 1434 क्षेत्र पंचायत सदस्य 10 जुलाई को अपना ब्लाक प्रमुख चुनेंगे। चुनाव की घोषणा होने के साथ ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। दावेदार क्षेत्र पंचायत सदस्यों की परिक्रमा करने में जुट गए हैं। ब्लाक प्रमुख चुनाव की घोषणा होते ही उम्मीदवार सक्रिय हो गए हैं। लगातार क्षेत्र पंचायत सदस्यों से संपर्क कर उन्हें अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है।
चुनाव कराने के लिए नगरीय निकाय व पंचायत कार्यालय में तैयारी जोर-शोर से चल रही है। ब्लाकवार क्षेत्र पंचायत सदस्यों की फोटोयुक्त मतदाता सूची लगभग बना ली गई है। ब्लाक परिसर में ही नामांकन होगा। इसके लिए 17 विकासखंडों में रिटर्निंग आफीसर व सहायक चुनाव अधिकारी तैनात होंगे। इसके लिए प्रशासन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। जिले के 17 विकासखंडों में कुल 1434 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं, जो 10 जुलाई को अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपना ब्लाक प्रमुख चुनेंगे।
8 जुलाई को 11 बजे से ब्लाकों पर होगा नामांकन
जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी एसपी बर्नवाल ने बताया कि ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन विकासखंड कार्यालयों में आठ जुलाई को सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगा। इसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। नौ जुलाई को उम्मीदवार सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। 10 जुलाई की सुबह 11 से दोपहर अपराह्न बजे तक मतदान होगा। इसके बाद कार्य की समाप्ति तक मतों की गणना की जाएगी।
कौन सा ब्लाक किसके लिए है आरक्षित
जिले के 17 ब्लाकों में ब्लाक प्रमुख के चुनाव का आरक्षण पूर्व में ही हो चुका है। बाबागंज व बिहार अनुसूचित जाति महिला, रामपुर संग्रामगढ़ व कालाकांकर अनुसूचित जाति, गौरा व संडवाचंद्रिका पिछड़ी जाति महिला, मानधाता व देवसरा पिछड़ी जाति, कुंडा व सदर महिला, सांगीपुर, लक्ष्मणपुर, बाबाबेलखरनाथ, शिवगढ़, मंगरौरा, पट्टी व लालगंज अनारक्षित है।