शासन ने जहां गुटखा बिक्री पर रोक लगा दी है, वहीं जिले के व्यापारी आवश्यक खाद्य आपूर्ति की आड़ में वाहन पर पास लगाकर गुटखा की कालाबाजारी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला चिलबिला में सामने आया है। चिलबिला चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस पिकअप की छानबीन के दौरान सेटिंग कर रही थी। तभी एसडीएम सदर व सीओ सिटी पहुंच गए। छानबीन के बाद 6 बोरी गुटखा बरामद हुआ। पुलिस ने व्यापारी समेत चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर कोतवाली के बाबागंज निवासी अमित कसौधन किराना व्यापारी है। लॉकडाउन में आवश्यक सामाग्रियों की ढुलाई के लिए उसने अपनी पिकअप का पास बनवा रखा है। जिसे खाद्य सामग्री लाने व भेजने की छूट मिली है। मंगलवार की शाम पिकअप को चिलबिला चौराहे पर पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। छानबीन के दौरान पिकअप में चीनी लदी हुई मिली। अभी छानबीन चल ही रही थी कि कुछ लोग पहुंचकर उसे छोड़ने की सिफारिश करने लगे। मामला गड़बड़ समझने के बाद पुलिस सेटिंग करने लगी। तभी एसडीएम सदर मोहनलाल गुप्ता व सीओ सिटी अभय पांडेय भी पहुंच गए। वाहन को छोड़ने के लिए सिफारिश का दौर भी शुरू हो गया। जिसके बाद अफसरों की मौजूदगी में पिकअप पर लदे चीनी के बोरे उतारकर तलाशी ली गई। सबसे नीचे गुटखा से भरीं 6 बोरियां बरामद हुईं। पुलिस ने चालक आबिद अली पुत्र खालिक निवासी कुसमी को हिरासत में ले लिया। इस मामले में चौकी प्रभारी चिलबिला श्यामसुंदर गिरि की तहरीर पर पुलिस ने चालक आबिद व व्यापारी अमित कसौधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।