मंगलवार की आधी रात के बाद बारिश के कारण कुसुमी के पास 33 हजार की विद्युत लाइन पर भारी-भरकम पेड़ गिरने से ब्रेकडाउन हो गया। जिससे आधे शहर की बिजली गुल हो गई। शहरी रात भर अंधेरे में रहे। उनको आठ घंटे तक बिजली और पानी के लिए तरसना पड़ा। लाइट न मिलने से रोजेदारों को काफी दिक्कतें आईं। रात में ढाई बजे गई लाइट बुधवार को दिन में ग्यारह बजे आई। उसके बाद भी वह टिकी नहीं। आवाजाही लगी रही।
मंगलवार की रात करीब ढाई बजे बारिश होने से शहर की लाइट चली गई। किसी तरह रात बीती। शुक्र था कि बारिश हो रही थी जिससे मौसम ठंडा था। बुधवार को सुबह लोगों ने कर्मचारियों को फोन किया तो पता चला कि कुसुमी गांव के पास रेलवे लाइन के किनारे शीशम का पेड़ 33 हजार की लाइन पर गिर पड़ा है जिससे आपूर्ति ठप है। सूचना मिलने पर जेई टाउन एसबी संग मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने पेड़ का काटने की कोशिश की मगर वे नाकाम रहे। बाद में क्रेन की मदद ली गई। मौके पर पहुंचे क्रेन ने पेड़ को उखाड़ा तब जाकर बिजली को दुरुस्त किये जाने का रास्ता साफ हुआ। तब जाकर दिन में करीब 11 बजे लोगों को लाइट मिल पाई। एक्सईएन एके श्रीवास्तव ने बताया कि कुसुमी के पास रेलवे लाइन के किनारे शीशम का पेड़ 33 हजार की विद्युत लाइन पर गिर गया था।