लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित खुशहालगढ़ में मंगलवार भोर में दो ट्रकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। चपेट में आने से साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में घुस गया। इस दौरान घर में सो रहे लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर स्थित रानीगंज थाना क्षेत्र के खुशहालगढ़ धनुआ गांव के समीप मंगलवार भोर एक ट्रक अनियंत्रित होकर साइकिल सवार को रौंद दिया। इससे पचास वर्षीय अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से टकराते हुए सड़क किनारे बने रामआधार प्रजापति के घर में जा घुसा।
घर में सो रहे रामआधार के परिवार के लोग बाल-बाल बचे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रक चालक को गौरा सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची रानीगंज पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसका पहचान नहीं हो सकी।
खड़े टैंकर से टकराया बाइक सवार, घायल
प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर स्थित विश्वनाथगंज बाजार के समीप खड़े टैंकर में पीछे से बाइक सवार जा टकराया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
रानीगंज थाना के पृथ्वीगंज घाटमपुर निवासी अभिषेक मंगलवार को बाइक से कहीं जा रहा था। विश्वनाथगंज बाजार में वह खड़े टैंकर में पीछे से जाकर टकरा गया। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। मौजूद लोगों ने उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।