सूबे के विधायी, न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने डीएम, सीडीओ और एसपी के साथ बैठक करके कहा कि वास्तविक पात्रों को शासन की योजनाओं से वंचित न किया जाय। उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रधान और सचिव के आंखों से ही मत देखिए, बल्कि स्वयं गांवों का भ्रमण करके रेंडम चेकिंग करें और वास्तविक लोगों को लाभ दिलाएं।
भाजपा के सांगठनिक चुनाव के प्रभारी बनाएं गए राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में डीएम, सीडीओ और एसपी के साथ बात कर जिले की विकास योजनाओं और कानून व्यवस्था की जानकारी ली। राज्यमंत्री ने डीएम से सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों को ही मुहैया कराने को कहा। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग को जल्द ही निजी भवन मिलेगा।
प्रदेश के सात जिलों में नए भवन के लिए धनराशि जारी कर दी गई है। उन्होंने एसपी से कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने को कहा। दागी और अपराध नियंत्रण में फेल थानेदारों को पैदल कर युवा थानेदारों की तैनाती करने को कहा। उन्होंने जिले में भयमुक्त वातावरण बनाने को कहा। इस मौके पर सांसद संगमलाल गुप्ता, जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, गोकुलनाथ श्रीवास्तव और वरुण सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।