शनिवार 25 मई को होने वाले मतदान के मद्देनजर जिले व विधानसभा क्षेक्षें की सीमा पर 56 स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। बाहरी व संदिग्ध लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। बैरियरों पर सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश मिलेगा। मतदान केंद्रों की सुरक्षा में 15 हजार से अधिक पुलिस और पीएसी के जवान लगाए गए हैं। इसके अलावा पैरामिलिट्री की 13 कंपनियां भी शामिल हैं।
जिले की पुलिस के साथ ही अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ, कन्नाैज समेत कई और जिले से दरोगा और सिपाही चुनाव ड्यूटी में आए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा पैरामिलिट्री जवानों के भरोसे होगी। इसके अलावा नोडल पुलिस अफसर मजिस्ट्रेट के साथ भ्रमण करते रहेंगे। ड्रोन कैमरे से भी मिश्रित व क्रिटिकल आबादी पर नजर रखी जाएगी। आपराधिक गतिविधियाें में संलिप्त लोगों के बूथों पर मंडराते हुए मिलने पर पुलिसवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिन लोगों को लाल कार्ड पुलिस ने थमाया है वे मतदान करने के बाद अपने घरों में रहेंगे। बूथों पर मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि शांतिपर्वूक मतदान कराने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं।