महेशगंज थाना क्षेत्र के शेखपुर चौरास गांव में बुधवार सुबह एक बारहसिंघा अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रुप से घायल हो गया। कई घंटे तक तड़पते रहने के बाद जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक काफी देर हो चुकी थी। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बुधवार की सुबह करीब चार बजे कुछ महिलाएं शौच के लिए घर से बाहर निकली थीं। महिलाओं ने देखा कि कुछ कुत्ते बारहसिंघा को नोच रहे थे। तत्काल गांववालों को जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी गई। काफी देर बाद डिप्टी रेंजर आशीष कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल बारहसिंघा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डिप्टी रेंजर के अनुसार, काफी मात्रा में खून बह जाने की वजह से बारहसिंघा की जान नहीं बचाई जा सकी।