लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे शहर के 13 हजार उपभोक्ताओं को जल्द निजात मिलने वाली है। शहर के कादीपुर व बाबागंज उपकेंद्र पर वोल्टेज को संतुलित करने के लिए कैप्सिटर बैंक लगेगा। उपकेंद्रों पर यह मशीन आ चुकी है।
शहर में पांच विद्युत उपकेंद्र बाबागंज, दहिलामऊ, रूपापुर, कादीपुर व चिलबिला के जरिए विद्युत आपूर्ति की जाती है। 35 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं। शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का रोस्टर है, मगर अव्यवस्था के चलते शहरियों को रोस्टर के मुताबिक बिजली नसीब नहीं हो पाती है।
गर्मी के दिनों में खपत बढ़ने पर शहरियों को सबसे ज्यादा परेशानी लो वोल्टेज से होती है। बाबागंज व कादीपुर शहर के ऐसे उपकेंद्र हैं, जहां यह समस्या बहुत ही गंभीर है। इन उपकेंद्रों से जुड़े करीब 13 हजार से अधिक उपभोक्ता लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं।
लो वोल्टेज के चलते बल्ब जुगनू की तरह जलते हैं और पंखे रेंगते हैं। शहरियों को लो वोल्टेज की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए बिजली विभाग बाबागंज व कादीपुर उपकेंद्र पर कैप्सिटर बैंक लगाने जा रहा है। यह मशीन वोल्टेज का संतुलन बनाएगी।
फीडरों पर खपत के अनुरूप बिजली की उपलब्धता बनाए रखेगी। फीडरों पर अतिरिक्त लोड भी नहीं होगा। एसडीओ बाबागंज अजीत यादव ने बताया कि कैप्सिटर बैंक उपकेंद्र पर आ चुका है। जल्द ही इसे लगाया जाएगा।
इन फीडरों पर है लो वोल्टेज की समस्या
कादीपुर उपकेंद्र के महुली, कादीपुर, महुआर, सहोदरपुर और बाबागंज उपकेंद्र के बाबागंज, चौक, जेलरोड, स्टेशन रोड फीडरों पर लो वोल्टेज की समस्या देखने मिलती है। सबसे ज्यादा समस्या कादीपुर उपकेंद्र के फीडरों पर है।