महानगरों की तर्ज पर विकास भवन के समीप 5.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य बजट के अभाव में रुक गया है। करीब दो साल से निर्माण कार्य के लिए 2.64 करोड़ के शेष बजट का भुगतान नहीं किया जा सका है। जिसके चलते काम अधर में है। ऑडिटोरियम निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को दी गई है। विभाग के प्रस्ताव के बाद भी शासन की ओर से बजट जारी नहीं किया गया।
विकास भवन के समीप पुराने सदर विकास कार्यालय परिसर में खाली पड़ी जमीन पर दिसंबर 2021 में ऑडिटोरियम का निर्माण शुरू हुआ। जो अभी तक अधूरा है। ऑडिटोरियम का निर्माण होने के बाद यह पहला हाल होगा जहां एक साथ करीब 600 लोग एक साथ शामिल हो सकेंगे। अभी तक शहर में ऐसा कोई सभागार व हॉल उपलब्ध नहीं है, जहां पर सरकारी और निजी कार्यक्रम को बड़े स्तर पर कराया जा सके।
बताया जा रहा कि हाॅल के चारों ओर प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। ऑडिटोरियम हॉल में टाइल्स लगाई जानी है। नक्शा जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया था लेकिन बजट के अभाव में काम अधर में लटक गया है।
बोले अफसर
करीब दो साल से शेष बजट जारी नहीं किया गया है। कई बार प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बजट मिलने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा। - सुजीत राय, एक्सईएन, आरईएस