नगर कोतवाली के भंगवा चुंगी पुलिस चौकी के करीब एक दुकान से चोरों ने लाखाें रुपये के टायर चोरी कर लिए। चोर छत की ओर से दुकान के भीतर घुसे थे। दुकान मालिक को घटना की जानकारी सुबह हो सकी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मानधाता थाना क्षेत्र के सराय मुरार सिंह गांव निवासी सुशील कुमार सिंह ने शहर के विवेकनगर मोहल्ले में घर बनवाया है। भंगवा चुंगी चौराहे पर पुलिस चौकी के करीब ही उन्होंने एक मकान में टायर की दुकान खोली है। हाईवे की ओर से मकान के ऊपर सीढ़ी बनी है। उन्हाेंने भीतर कई कमराें में टायर रखे थे। बुधवार को उनके भतीजे की शादी के बाद गांव में प्रीतिभोज आयोजित था। पूरा परिवार गांव गया था। गुरुवार की सुबह दुकान खोलने के बाद देखा गया तो सारा सामान तितर-बितर था। छत की ओर से घर के भीतर आने वाले जीने पर लगा दरवाजे का ताला टूटा था।
चोर करीब दो लाख रुपये के टायर उठा ले गए थे। ट्रक-बस के टायर पूरी तरह से सुरक्षित थे। आलमारी नहीं टूटी थी। केवल काउंटर में रखे करीब 5 हजार रुपये ले गए थे। करीब में ही दो-दो एटीएम भी हैं लेकिन किसी को रात में घटना की भनक तक नहीं लग सकी। सूचना पर शहर कोतवाल बलिराम मिश्र मौके पर पहुंचे और छानबीन की। दुकान मालिक के अनुसार चोर दो लाख रुपये से अधिक कीमत के टायर ले गए हैं। कोतवाल ने बताया कि घने कोहरे के बीच घटना हुई है। बहुत अधिक सामान नहीं गया है। चोराें की तलाश की जा रही है।