Arrested three smugglers bringing ganja from Odisha
उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे तीन तस्करों को पुलिस ने दबोच लिया। उनके पास से डीसीएम से 1.35 क्विंटल गांजेे का पैकेट बरामद हुआ। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया।
देल्हूपुर पुलिस व स्वॉट टीम ने शनिवार रात में गांजा तस्करों की तलाश में विश्वनाथगंज क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर गजेहड़ा जंगल के करीब पुलिस टीम ने एक डीसीएम को रोका। जिसमें चालक समेत तीन लोग सवार थे।
तलाशी के दौरान डीसीएम से 1.35 कुंतल गांजा के 27 पैकेट में बरामद हुए। प्रत्येक बंडी में पांच-पांच किलो गांजा रखा था। पकड़े गए कपिल गिरी निवासी सराय थाना अमेठी, मनीष सिंह निवासी बेलदारन सिटी नगर कोतवाली और शिवकुमार निवासी सरैनी रायबरेली ने पूछताछ में बताया कि बरामद गांजा उड़ीसा से 3500 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदकर लाते हैं।
प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली में यही गांजा 5500 रुपये किलो के हिसाब से बेचते हैं। जिससे उनका खर्च चलता है। अपर पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्रा ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों की धरपकड़ के लिए चल रहे अभियान के दौरान यह बड़ी सफलता मिली है। इनके पास से पांच मोबाइल, 2500 रुपये व आधार कार्ड बरामद हुआ। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।