पट्टी में अपराजिता के बैनर तले आयोजित महिला जागरूकता गोष्ठी में बोलती सामाजिक कार्यकर्ता।
- फोटो : PRATAPGARH
अमर उजाला के अभियान अपराजिता :100 मिलियन स्माइल के तहत बुधवार को चाइल्ड लाइन की ओर से सदर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पूरे विश्वनाथ में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं के साथ बालिकाओं को खुद की सुरक्षा करने का तरीका बताया गया।
चाइल्ड लाइन के सेंटर कोऑर्डिनेटर महेंद्र कुमार ने बताया कि समाज में बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति हर व्यक्ति को जागरूक होना चाहिए। जब तक समाज पूर्ण रूप से बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति सजग नहीं रहेगा तब तक इस तरह की सामाजिक समस्यायें आती रहेंगी।
चाइल्डलाइन 1098 के काउंसलर मो. शमीम ने कहा कि बच्चों के अधिकार को सुनिश्चित करना है। समस्याओं को दूर करने के लिए स्वयं बालिकाओं को शर्म एवं सामाजिक निंदा त्याग कर आगे आना होगा। सरोजा सिंह ने कन्या सुमंगल योजना एवं बाल विवाह के विषय में बताया। महिला हेल्पलाइन 1090 की जानकारी देते हुए कहा कि यदि बालिकाएं घर से बाहर निकल रही हैं और उन पर कोई फब्तियां कस रहा है तो मुंहतोड़ जवाब देना जरूरी है।
इससे लोग बालिकाओं की ओर गलत निगाह से देखना बंद कर देंगे। प्रधानाचार्य मंजुला श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों से संबंधित दी गई जानकारी बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस कार्यक्रम में दीपांशी, राहुल गुप्ता, आजाद आलम, रीना, सुलेखा, अनीता, कमला, कुसुम, पूजा पटेल, लक्ष्मी मिश्र, ज्योती श्रीवास्तव, प्रियंका त्रिपाठी आदि मौजूद रहीं।