.पट्टी के गोविंदपुर पहुंचीं पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुप्रिया पटेल।
- फोटो : pratapgarh
पट्टी इलाके के गोविंदपुर गांव में मारपीट के मामले में शुक्रवार को पीड़ितों से मिलने पहुंचीं अपना दल एस की अध्यक्ष और मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल ने पुलिस प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पुलिस की एकपक्षीय कार्रवाई बर्दाश्त नहीं है।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस एकपक्षीय कार्रवाई कर पीड़ितों का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही यहां के हालात खराब हुए हैं। गांव की महिलाओं से मिलने के बाद यही बात सामने आ रही है। उन्होंने प्रतापगढ़ के एसपी को अपरिपक्व और अनुभवहीन बताते हुए कहा कि इनके रहते हुए निष्पक्ष कार्रवाई संभव नहीं है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुप्रिया पटेल।
- फोटो : pratapgarh
अनुप्रिया ने कहा कि यदि समय रहते ही पुलिस ने निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई की होती तो यह घटना न होती। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी होते ही एडीजी प्रयागराज व मुख्यमंत्री से बात की गई।
प्रदेश अध्यक्ष जमुना प्रसाद व विधायक नीलरतन सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने मामले की वस्तुस्थिति का आकलन कर सीएम के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। सीएम ने उनके पत्र को संज्ञान में लेकर मंडलायुक्त प्रयागराज कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था।
मंडलायुक्त प्रयागराज ने सीओ सोरांव को जांच का आदेश दिया था। सीओ सोरांव ने जांचकर रिपोर्ट तैयार की है। उस रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने आसपुर देवसरा चौकी प्रभारी व पट्टी कोतवाल की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पट्टी के गोविंदपुर में महिलाओं से पूछताछ करतीं पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुप्रिया पटेल।
- फोटो : pratapgarh
तीन लोगों की थी अनुमति, दर्जनों गाड़ियों व सैकड़ों की भीड़ के साथ गांव में पहुंचीं अनुप्रिया
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और अपना दल एस की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के साथ गांव में सदर विधायक राजकुमार पाल सहित तीन लोगों के प्रवेश की अनुमति प्रशासन की ओर से दी गई थी। इसके बाद भी अनुप्रिया दर्जनों वाहनों के काफिले और सैकड़ों की भीड़ के साथ गांव में पहुंची।
उनके साथ राज्यमंत्री जय कुमारी जैकी और सदर विधायक राजकुमार पाल भी थे। अनुप्रिया के गांव पहुंचने पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही धारा 144 की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं।
उनके साथ सैकड़ों लोगों की भीड़ थी। गांव में दूसरी पार्टियों के समर्थक भी मौजूद रहे। गांव में अनुप्रिया के प्रवेश करते ही भीड़ भी उनके साथ चल पड़ी। इससे गहमागहमी का माहौल रहा।