सात साल बाद अनुदेशकों को मिलेगी मनचाही तैनाती
पहले समायोजन, फिर होगा तबादला, नियुक्ति के बाद से लगा रखी थी रोक
समझौते पर चलता था काम, अब स्कूल में करेंगे पूरा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। जिले के पूर्व माध्यमिक स्कूलों में तैनात अनुदेशकों को सात साल बाद मनचाही तैनाती मिलने जा रही है। नियुक्ति के बाद से ही शासन ने तबादले पर रोक लगा रखी थी। जिले के दूर-दराज के स्कूलों में तैनात अनुदेशक अभी तक समझौते पर नौकरी कर रहे थे। मगर तबादले का आदेश जारी होने से अब बच्चों को हुनर सिखाने में पूरा समय देंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग के पूर्व माध्यमिक स्कूलों में तैनात अनुदेशकों को नए साल में तबादले का तोहफा मिलने जा रहा है। विभाग ने पहले समायोजन और बाद में तबादला करने का फैसला किया है। जिले के 268 स्कूलों में तैनात 427 अनुदेशकों को तबादला करने के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। शासन के इस फैसले से अनुदेशकों में जहां खुशी है,वहीं अब वह घर के निकट तैनाती पाकर अपना पूरा समय स्कूलों में देंगे। मानदेय पर तैनात अनुदेशक अभी तक जिले के गैर ब्लाकों में तैनाती मिली थी। इससे वह सप्ताह में तीन दिन ही स्कूल जाते हैं। सात साल बाद नए साल में मिलने वाले तोहफे से अनुदेशकों में भारी उत्साह है। हालांकि विभागीय अधिकारी पहले ही गृह ब्लाकों में तैनाती के पक्ष में थे, मगर शासनादेश रोड़ा बना हुआ था। जिले के मिडिल स्कूलों में तैनात यह अनुदेशक कक्षा छह से आठ तक के बच्चों को कौशल विकास की शिक्षा देते हैं।
वर्जन------
जिले में तैनात अनुदेशकों का पहले समायोजन होगा, बाद में तबादला किया जाएगा। जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या एक सौ से अधिक है। उन्हीं स्कूलों में अनुदेशकों की तैनाती की जाएगी।
अशोक कुमार सिंह, बीएसए