पौराणिक तालाब के समीप अजगरा में खुदाई के दौरान मिले अवशेष।
- फोटो : PRATAPGARH
अजगरा स्थित यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पर नाली की खुदाई के दौरान मध्य पाषाण काल के पुरावशेष मिले हैं। जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दावा किया गया कि मलबे में मिलीं मूर्तियां, सींग व छोटे उपकरण 10 हजार साल पुराने हैं। पूर्व पुरातत्व अधिकारी की टीम ने पुरावशेषों को मध्य पाषाण युग का बताया है।
अजगरा में पौराणिक यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल पर तालाब के समीप दो टीले हैं। एक डिहवा टीला व दूसरा छोटा टीला। डिहवा टीला पर इसके पहले पुरावशेष मिलते रहे हैं। इस टीले पर अब तक शुंग-कुषाणकाल के पुरावशेष मिले हैं। रविवार को छोटे टीले के पास ग्रामीण नाली की खुदाई कर रहे थे।
इस दौरान मलबे में मूर्तियां, सींग व छोटे उपकरण पाए गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी निर्झर प्रतापगढ़ी को दी। उन्होंने पुरावशेषों को साफ कर संग्रहालय में रखा। इसकी जानकारी पूर्व पुरातत्व अधिकारी डा. पीयूषकांत शर्मा को दी। उन्होंने पुरावशेषों को 10 हजार साल पहले का बताया है।