antigen and rtpcr test for covi-19
-छह दिन के भीतर एंटीजन से 182 तो आरटीपीसीआर से 83 की हुई जांच
-स्वास्थ्य विभाग की टीम एंटीजन जांच के भरोसे बढ़ रही आगे, लगातार बढ़ रहे जांच से मरीज
प्रतापगढ़। स्वास्थ्य विभाग को एंटीजन जांच पर पूरा भरोसा है। जिसके भरोसे लगातार जांच की रफ्तार आगे बढ़ रही है। छह दिन के भीतर एंटीजन की जांच से 182 कोरोना संक्रमित सामने आए। वहीं आरटीपीसीआर से 83 मरीजों की पहचान हो सकी। एंटीजन जांच से संक्रमित मरीज तत्काल मिल जा रहे हैं जबकि स्वाब टेस्ट की रिपोर्ट कई दिनों तक लटकी रहती है।
जिले में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। जिसके पीछे स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों का एंटीजन रैपिड टेस्ट कराया जाना है। शासन के आदेश पर स्वास्थय विभाग द्वारा सभी सीएचसी पर लोगों की कोरोना जांच कराई जा रही है। अधिकांश लोगों की जांच एंटीजन किट से हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के एलटी अपनी टीम के साथ संक्रमित परिवार के बीच पहुंचकर जांच कर ढरहे हैं। इसके अलावा सीएचसी पर भी जांच कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंटीजन किट से की जाने वाली जांच से पॉजीटिव लोगों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। एक अगस्त से लेकर अब 6 अगस्त तक साढ़े तीन हजार से अधिक जांच कराई गई। इसमे से पौने तीन हजार जांच एंटीजन किट से हुई।
जांच के बाद 182 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। जबकि एक हजार लोगों की जांच आरटीपीसीआर से हुई। कई दिनों तक इंतजार के बाद रिपोर्ट आई। जिसमे 83 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जबकि छह दिनों में केवल चार ट्रूनाट की जांच में पॉजीटिव केस मिला है। सीएमओ डॉ. अरविंद श्रीवास्तव का कहना है कि एंटीजन जांच से सहूलियत हो रही है। लोगों की रिपोर्ट जल्दी मिल जाती है। संक्रमित लोगों को भी समय पर पता चल जाता है और वह जांच के बाद परिवार व करीबियों से दूरी बना लेते हैं। जिससे दूसरे लोग संक्रमण की चपेट में आने से बच जाते हैं।