रविवार को मुंबई से आया एक और प्रवासी श्रमिक कोरोना संक्रमित मिला। जिससे जिले में अब संक्रमितों की संख्या 38 पहुंच गई। एक संक्रमित व्यक्ति की मौत हो चुकी है। 11 संक्रमित अब स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने उसका यात्रा इतिहास खंगालने के साथ ही उसे ट्रामा सेंटर एल-1 अस्पताल में भर्ती कराने की कवायद शुरू कर दी है।
मुंबई से तीन दिन पहले श्रमिक स्पेशल से लक्ष्मणपुर विकासखंड के संडवादुबान का रहने वाला प्रवासी श्रमिक स्टेशन पर उतरा। उसे जयमंगल सिंह कालेज भेजा गया। जहां क्वारंटीन के दौरान उसका कोरोना सैंपल लिया गया। बाद में उसे घर भेजते हुए होम क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया। रविवार की शाम प्रवासी श्रमिक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग उसका यात्रा इतिहास खंगालने में जुट गया। उसके मुंबई से ही संक्रमित होने की आशंका स्वास्थ्य विभाग द्वारा जताई जा रही है। जिला प्रशासन के मुताबिक संक्रमितों की संख्या अब 38 पहुंच गई है। अभी तक 11 संक्रमित ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। एक संक्रमित टैक्सी चालक की मौत हो चुकी है।
शनिवार को एक साथ 22 संक्रमितों के मिलने से जिले में सनसनी फैल गई थी। फिलहाल मुंबई से आए प्रवासी अब जिले के लोगों के लिए मुसीबत बनने लगे हैं। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति का यात्रा इतिहास खंगाला जा रहा है।