लालगंज के भगौतीगंज बाजार के समीप एएनएम को टक्कर मारकर भाग रहा धराया ट्रक।
- फोटो : PRATAPGARH
पति के साथ बाइक से ड्यूटी करने जा रही एएनएम की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घर से कुछ दूरी पर हुई घटना से कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लालगंज कोवताली के पूरे बीरबल ढिंगवस निवासी ऊषा सरोज (30) पत्नी शिवदर्शन सरोज सांगीपुर सीएचसी के ऊछापुर उपकेंद्र पर एएनएम के पद पर कार्यरत थी। शनिवार की सुबह नौ बजे वह अपने पति के साथ बाइक से ड्यूटी पर जा रही थी। घर से कुछ दूर बिहारीगंज भगौतीगंज पहुंचते ही बाइक डेरवा की ओर जा रहे गिट्टी लदे ओवरलोड ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक के नीचे आ जाने से एएनएम की मौत हो गई। जबकि पति शिवदर्शन मामूली रूप से चुटहिल हो गया।
एएनएम की मौत की जानकारी पर परिजनों व ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। घटना से नाराज लोगों को समझाबुझाकर पुलिस ने एएनएम के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के चलते कुछ देर के लिए धारूपुर-डेरवा मार्ग पर यातायात बाधित रहा। एएनएम की मौत के साथ ही उसकी दोनों बेटियां आराध्या (4) व आयुषी (1) के सिर से ममता का साया उठ गया। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
लालगंज के भगौतीगंज बाजार के समीप ट्रक की चपेट में आने से मृत जमीन पर पड़ी बाइक पर बैठी एएनएम।- फोटो : PRATAPGARH