संडवा चंद्रिका इलाके के प्राइमरी स्कूल गोबरी में बाल दिवस के दिन जान जोखिम में डालकर पुराने कुएं में उछल- कूद करने वाले बच्चों के अभिभावक गुरुवार को स्कूल पहुंच कर शिक्षकों से नाराजगी जताई। अभिभावकों की नाराजगी देखकर शिक्षक क्षमा याचना करते रहे। इधर, डीएम के निर्देश के बाद भी खंड शिक्षा अधिकारी स्कूल पहुंचकर मामले की जांच करने के बजाए मोबाइल से जानकारी लेते रहे।
क्षेत्र के प्राइमरी स्कूल गोबरी में बाल दिवस के दिन स्कूल के बाहर पुराने कूप में जान जोखिम में डालकर उझल-कूद कर रहे बच्चों की तस्वीर ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित होने पर डीएम शंभु कुमार ने बीएसए अशोक कुमार सिंह को पूरे मामले की जांच करने को कहा। मगर बीएसए ने यह जिम्मेदारी बीईओ को रिजवान अमहद को सौंप दी। वह स्कूल जाने के बजाए मोबाइल से ही जांच पूरी कर लिए।
इधर, गुरुवार को बच्चों के अभिभावक स्कूल पहुंचे और शिक्षकों की लापरवाही के फटकार लगाते हुए चेताया है कि अगर दोबारा ऐसा हुआ तो अपने बच्चों को स्कूल से निकाल लेंगे। बीएसए अशोक कुमार सिंह ने स्वयं जांचकर कार्रवाई करने की बात कही है।